Saturday, September 12, 2009

शनि का कन्या राशि में आगमन

बारह राशियों पर प्रभाव शनि का राशि परिवर्तन
पं. अशोक पँवार 'मयंक'

ढाई वर्ष सिंह राशि वालों को किया परेशान अब कन्या की बारी है। शनि का कन्या राशि में आगमन 9 सितंबर को रात्रि में 11.30 पर वृषभ लग्न में उत्तरा फाल्गुनी के द्वितीय चरण में हो रहा है। शनि वृषभ लग्न में प्रवेश कर पंचम भाव में उच्च के बुध के साथ आ रहा है। जहाँ लग्न में मित्र राशि का है वहीं नवांश लग्न में स्वराशि मकर का रहेगा। शनि का राशि परिवर्तन कैसा रहेगा, आइए जानें।

राशियों पर प्रभाव :
मेष- मेष राशि वालों के लिए शनि का गोचरीय भ्रमण षष्ट भाव पर होने से रोग-शोक दूर होंगे, कर्ज की स्थिति में कमी, वाहनादि सावधानी से चलाएँ। प्रवास के योग बनेंगे, बाहरी संबंधों में सुधार रहेगा। पराक्रम में वृद्धि, भाइयों का सहयोग, शत्रु नष्ट होंगे।

वृषभ- वृषभ राशि वालों के लिए शनि का गोचरीय भ्रमण पंचम भाव से होने के कारण संतान से लाभ, दिमागी कार्यों में सफलता रहेगी। स्त्री कष्ट, दैनिक व्यापार में कुछ कमी रहेगी, धन लाभ मिला-जुला रहेगा, वाणी का प्रभाव बढ़ेगा, कुटुंब का सहयोग रहेगा।

मिथुन- इस राशि पर ढैया सोने के पाद से होने के कारण निजीजन विरोध, शत्रु बढ़ेंगे, गृहक्लेश, व्यय, धननाश व शारीरिक पीड़ा होगी।

कर्क- कर्क राशि वालों पर शनि का गोचरीय भ्रमण तृतीय भाव में होने के कारण पराक्रम में वृद्धि, शत्रु नाश, संतान को, विद्यार्थियों को कष्ट रहेगा, भाग्य में मिली-जुली स्थिति रहेगी। बाहरी मामलों में सावधानी बरतें, यात्रा में संभलकर चलें।

सिंह- शनि सिंह राशि पर उतरती रजत पाद पर होने से व्यापार में प्रगति, धन-धान्य, समृद्धि, प्रभाव क्षेत्र बढ़ेगा, सम्मान प्राप्त होगा, सुख-संपदा में लाभ, घर में मांगलिक कार्य होंगे।

कन्या- कन्या राशि पर ह्रदय पर लोह पाद पर होने से शारीरिक कष्ट, रक्त-पित्त विकार, स्त्री कष्ट, संतान को कष्ट, व्यापार में हानि, राजभय यानी सर्विस के क्षेत्र में बाधा रहेगी।


तुला- तुला पर ताँबे के पाद पर लगती शनि की साढ़ेसाती धन-धान्य, समृद्धि, स्त्री-पुत्र सुख, सुख-संपत्ति लाभ, व्यवसाय में प्रगति, शारीरिक सुख।

वृश्चिक- वृश्चिक राशि पर शनि का गोचरीय भ्रमण एकादश भाव से करने के कारण आय में लाभ देगा, लेकिन शारीरिक पीड़ा, चिड़चिड़ापन भी रहेगा। संतान व विद्या के क्षेत्र में मिली-जुली स्थिति रहेगी, आयु में लाभ रहेगा।

धनु- धनु राशि वालों के लिए शनि का गोचरीय भ्रमण दशम भाव में होने से राज्य, व्यापार, नौकरी में लाभ व सहयोग मिलेगा, पिता से लाभ व सहयोग पाएँगे। बाहरी मामलों में सावधानी रखें, माता, जमीन-जायदाद में मिली-जुली स्थिति रहेगी। स्त्री से सहयोग, विवाह योग बनेंगे।

मकर- मकर राशि वालों के लिए भाग्य नवम भाव से भ्रमण करने से भाग्य में वृद्धि, धर्म-कर्म में सहयोग, आय में सावधानी रखें, शेयर बाजार में जोखिम से बचें। भाई से सहयोग, पराक्रम में वृद्धि, शत्रु नष्ट, मामा पक्ष से लाभ व सहयोग रहेगा।

कुंभ- कुंभ पर शनि का ढैया ताम्र पाद पर होने से धन-धान्य समृद्धि, स्त्री-पुत्र सुख, आर्थिक लाभ, संपत्ति लाभ, व्यापार-व्यवसाय में उन्नति, स्वास्थ्य लाभ रहेगा।

मीन- मीन राशि वालों के लिए शनि का भ्रमण सप्तम से होने से दाम्पत्य जीवन में सुधार, अविवाहित के लिए खुश-खबर, स्वप्रयत्नों से प्रगति होगी व माता के स्वास्थ्य में सुधार, पारिवारिक स्थिति ठीक रहेगी। बाकी राशियों के बारे में साढ़ेसाती व ढैया में देखें।


बाजार की स्थिति कैसी रहेगी - जब भी कन्या राशि में शनि का प्रवेश हुआ है तभी राजनीतिक व प्राकृतिक कारणों से बाजारों में तेजी का रुख रहा है। शनि का सीधा प्रभाव कच्ची फसलों व पैदावार पर पड़ता है। इसका असर शेयर बाजार में, लोहा व लोहे की मशीनरी, पेट्रोल, डीजल पर भी देखा गया है। अलसी, कपास, सरसों में तेजी का रुख रहता है। गुड़, खाण्ड, नमक व अनाजों में तेजी और सोना, रूई तेज रहेगी। चाँदी में जरूर घट-बढ़ रहेगी।

भारत पर प्रभाव कैसा रहेगा - स्वतंत्र भारत का लग्न वृषभ है। इस प्रकार से देखा जाए तो शनि का गोचरीय भ्रमण पंचम से होगा और शनि स्व‍तंत्र लग्न में तृतीय भाव में चन्द्र की राशि कर्क पर है। इस प्रकार से शनि का पंचम भाव पर दोगुना प्रभाव होने से विद्यार्थी वर्ग कष्ट अनुभव करेगा, मनोरंजन के क्षेत्र पर विपरीत प्रभाव रहेगा।

दैनिक व्यवसाय से जुड़े व्यक्ति परेशानी का अनुभव करेंगे। स्त्रियों को कष्ट रहेगा, सत्ता पक्ष के नेतागण अपनी बुद्धि बल द्वारा प्रत्येक क्षेत्र में सफल होंगे, अपने लाभ के लिए कार्य करेंगे। भारत की आय में मिली-जुली स्थिति रहेगी, भाग्य के क्षेत्र में वृद्धि होगी। भारतीय कोष में धन की वृद्धि होने की संभावना है। सैन्य प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त रखना होगा। पड़ोसी देश से खतरा रहने की संभावना रहेगी।



No comments:

Post a Comment